गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
भारतीय जनता पार्टी 6 अप्रैल को अपने स्थापना के 45 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित करेगी। बिहार में भी इसे लेकर व्यापक तैयारियां चल रही हैं। Sanjay Sarawagi ने पटना में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने इन 45 वर्षों में शून्य से शिखर तक का सफर तय कर विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनने का गौरव हासिल किया है। पार्टी की विचारधारा, Narendra Modi की लोकप्रियता और सरकार की उपलब्धियों को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
संजय सरावगी ने बताया कि 5 से 12 अप्रैल तक स्थापना सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 5 से 7 अप्रैल तक पार्टी कार्यालयों की सजावट होगी, जबकि 6 अप्रैल को विकास यात्रा निकाली जाएगी और कार्यकर्ता अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराएंगे।
उन्होंने बताया कि 6 और 7 अप्रैल को बूथ स्तर पर स्थापना दिवस मनाया जाएगा, जबकि 8 और 9 अप्रैल को जिला कार्यालयों में सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित होगा। इसके अलावा 7 से 12 अप्रैल तक “गांव-बस्ती चलो अभियान” चलाया जाएगा, जिसमें पार्टी कार्यकर्ता जनसंपर्क करेंगे और सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास न नीति है, न नेतृत्व और न नीयत। भाजपा विकास और विश्वास की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया गया है।
संजय सरावगी ने कहा कि बिहार के विकास में एनडीए सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका है और भाजपा संगठन भी राज्य को विकसित बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री राधा मोहन शर्मा, प्रवक्ता उषा विद्यार्थी, प्रेम रंजन पटेल और मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।