गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
असम राइफल्स के स्थापना दिवस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने जवानों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं।
अमित शाह ने कहा कि असम राइफल्स के जवान पूर्वोत्तर के कठिन इलाकों में सीमाओं की रक्षा करते हुए देश की सुरक्षा को मजबूत करते हैं और स्थानीय समुदायों के साथ विश्वास कायम करते हैं। उन्होंने राष्ट्र की सेवा में बलिदान देने वाले शहीद जवानों को भी श्रद्धांजलि दी।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने 191वें स्थापना दिवस पर सैन्य कर्मियों और पूर्व सैनिकों को बधाई देते हुए कहा कि असम राइफल्स वीरता, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है।
वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इसे ‘पूर्वोत्तर का प्रहरी’ बताते हुए कहा कि बल का योगदान राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
गौरतलब है कि असम राइफल्स की स्थापना 1835 में हुई थी और यह देश का सबसे पुराना अर्धसैनिक बल है, जो सीमा सुरक्षा के साथ-साथ आपदा प्रबंधन और मानवीय सहायता में भी सक्रिय भूमिका निभाता है।