गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस गंभीर विषय पर राजनीति करना उचित नहीं है और पूर्व सरकार ने इस दिशा में ठोस प्रयास नहीं किए।
अरुण साव ने बताया कि वर्तमान सरकार ने नक्सलवाद से निपटने के लिए पुनर्वास नीति, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और व्यापक विकास कार्यों पर एक साथ काम किया है। इसके परिणामस्वरूप लोगों का सरकार पर भरोसा बढ़ा है और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि पिछली सरकार के समय सुरक्षा बलों के हाथ बंधे हुए थे, जिससे नक्सलियों का मनोबल बढ़ा। साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में नक्सलियों ने सरकार बनने पर खुशी जताई थी।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष में 993 विकास कार्यों के लिए 9129 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है, जो राज्य गठन के बाद किसी एक वर्ष में अब तक की सबसे बड़ी स्वीकृति है।
इन परियोजनाओं में सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य दूरदराज और पहुंचविहीन क्षेत्रों तक सड़क संपर्क स्थापित करना है। इसके लिए अधिकारियों की विशेष टीम बनाई गई है और ठेकेदारों को गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों के जरिए राज्य में बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे समग्र विकास को गति मिलेगी।