लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
राजस्थान के अलवर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 65 वर्षीय चमेली देवी को परिवार और ग्रामीणों ने मृत मान लिया था। रातभर घर में मातम पसरा रहा और सुबह अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गईं। लेकिन अंतिम दर्शन से ठीक पहले महिला के शरीर में हलचल दिखाई दी, जिससे परिवार के लोग दंग रह गए।
जानकारी के मुताबिक, महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। सांसें बेहद धीमी होने और शरीर में कोई हरकत नहीं होने के कारण परिजनों ने उन्हें मृत समझ लिया। रिश्तेदारों को सूचना दे दी गई और रातभर घर में शोक का माहौल बना रहा।
सुबह जब अंतिम यात्रा की तैयारी चल रही थी, तभी महिला के पैरों में हल्की हरकत महसूस हुई। पहले तो किसी को भरोसा नहीं हुआ, लेकिन दोबारा शरीर में मूवमेंट होने पर परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को ICU में भर्ती किया, जहां उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
डॉक्टरों के अनुसार, महिला की सांसें इतनी धीमी हो गई थीं कि उन्हें मृत समझ लिया गया। जांच में ब्लड इंफेक्शन की शिकायत सामने आई है। चिकित्सकों ने कहा कि कई गंभीर बीमारियों में शरीर की गतिविधियां बेहद धीमी हो जाती हैं, इसलिए बिना मेडिकल पुष्टि किसी को मृत मान लेना खतरनाक हो सकता है।