लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए।
यह हादसा राजगढ़ थाना क्षेत्र के पिनान स्थित चैनल नंबर 100 इंटरचेंज पुलिया के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, इंदौर से दिल्ली जा रही एक ट्रेवल बस आगे चल रहे केमिकल से भरे ट्रक से टकरा गई।
हादसे में बस चालक, एक महिला और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से पिनान के आदर्श सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अलवर और जयपुर रेफर किया गया है।
थानाधिकारी राजेश मीणा के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस चालक को नींद आना बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।