अंजली गुप्ता
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया I
काठमांडू, 03 अप्रैल। नेपाल की संघीय संसद में स्पीकर पद के चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के उम्मीदवार डोल प्रसाद (डीपी) अर्याल ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है।
डीपी अर्याल के नामांकन को प्रमुख विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी का समर्थन मिल गया है, जिससे उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है।
नामांकन के दौरान प्रस्तावक के रूप में पार्टी अध्यक्ष रवि लामिछाने मौजूद रहे, जबकि वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, कानून मंत्री सोबिता गौतम और भौतिक पूर्वाधार मंत्री सुनील लम्साल ने उनका समर्थन किया।
नेपाली कांग्रेस के महामंत्री प्रदीप पौडेल ने कहा कि स्पीकर का पद साझा और निष्पक्ष होता है, इसलिए उनकी पार्टी ने अपना उम्मीदवार न उतारने का निर्णय लिया है। वहीं प्रचण्ड के नेतृत्व वाली कम्युनिस्ट पार्टी ने भी अर्याल को समर्थन देने की घोषणा की है।
हालांकि सीपीएन यूएमएल अभी अपने उम्मीदवार को लेकर मंथन कर रही है। पार्टी के नेताओं का कहना है कि यदि विपक्ष कोई उम्मीदवार खड़ा करता है तो वे उसका समर्थन करेंगे, अन्यथा खुद प्रत्याशी उतार सकते हैं।
स्पीकर पद के लिए व्यापक समर्थन मिलने के बाद डीपी अर्याल की जीत की संभावनाएं काफी मजबूत मानी जा रही हैं।