लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
ईरान पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि अंतरिम सीजफायर अब खत्म हो चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी नजर में युद्धविराम समाप्त हो गया है, हालांकि शांति समझौते को लेकर बातचीत आगे भी जारी रह सकती है।
तुर्किये की राजधानी अंकारा में नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि मौजूदा सीजफायर का कोई मतलब रह गया है। उन्होंने ईरानी नेतृत्व की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि उनके साथ बातचीत करना समय की बर्बादी है, लेकिन भविष्य में कूटनीतिक संपर्क पूरी तरह बंद नहीं किए गए हैं।
यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास हुए हमलों के जवाब में ईरान पर नए सैन्य हमले किए हैं। इसके बाद ईरान ने भी अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
विश्लेषकों का मानना है कि सीजफायर पर ट्रंप के इस बयान से मध्य पूर्व में अस्थिरता बढ़ सकती है। साथ ही वैश्विक तेल बाजार और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय बाजारों पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।