गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
पश्चिमी सिंहभूम में सोमवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में 28 वर्षीय युवक घनश्याम कालुंडिया की मौत हो गई। वह अपने ससुराल से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में हादसा हो गया।
मृतक के दोस्त त्रिलोचन बोयपाई के अनुसार, दोनों की मुलाकात कॉलेज मोड़ स्थित गीता पेट्रोल पंप के पास हुई थी। त्रिलोचन ने घनश्याम से साथ चलने और पेट्रोल भरवाने को कहा, लेकिन वह धीरे-धीरे आगे बढ़ गया।
कुछ देर बाद लिटिल पी लाइन होटल के पास एक सीमेंट दुकान के सामने भीड़ देखकर त्रिलोचन वहां पहुंचा, जहां घनश्याम की बाइक क्षतिग्रस्त हालत में मिली और वह गंभीर रूप से घायल पड़ा था। आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि घनश्याम खेती कर परिवार का भरण-पोषण करता था और नौकरी की तैयारी भी कर रहा था। उसके दो छोटे बच्चे हैं।
विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।