लिसिका ग्रोवर
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
रजौली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। बुधवार को हरदिया स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप अनियंत्रित बाइक के दीवार से टकरा जाने से बाइक सवार युवक एवं युवती की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक काफी तेज गति से चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीखे मोड़ के पास चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बाइक सीधे दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सवारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक युवक की पहचान झारखंड के हजारीबाग जिले के खुदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोनहारा निवासी मो. मझहर अंसारी के रूप में हुई है। वहीं युवती की पहचान मेसकौर थाना क्षेत्र के बिजुबिगहा में ससुराल वाली के रूप में बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, युवती का विवाह एक माह पूर्व ही हुआ था। घटना से जुड़े कुछ पारिवारिक पहलुओं की भी चर्चा सामने आई है, जिसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस स्थान पर पहले भी तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।