लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
बिहार के सहरसा जिले में एक शादी का जश्न उस समय हिंसा में बदल गया, जब बारातियों को कथित तौर पर मटन की जगह चिकन परोस दिया गया। मामूली बहस देखते ही देखते मारपीट में बदल गई और बाराती व घराती एक-दूसरे से भिड़ गए। घटना में कई लोग घायल हुए हैं।
यह घटना महिषी प्रखंड के राजनपुर गांव में आयोजित एक निकाह समारोह के दौरान हुई। दूल्हे पक्ष का आरोप है कि उन्हें पहले मटन परोसने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन भोजन के समय चिकन परोसा गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस मारपीट में दूल्हे पक्ष के कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।