लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
शालू कुमारी
महाराष्ट्र के नागपुर के कामठी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोर्ट से तलाक मिलने के महज एक दिन बाद 40 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई है और मृतका के पति को मुख्य संदिग्ध माना है। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
मृतका की पहचान मंजू राजकुमार पारसे के रूप में हुई है। यह वारदात नागपुर के जूनी कामठी थाना क्षेत्र में शुक्रवार बाजार के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला पर धारदार हथियार से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और पुलिस को सूचना दी गई।
जांच में सामने आया है कि महिला और उसके पति के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पति शराब का आदी था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। घटना से एक दिन पहले ही दोनों का कोर्ट से आधिकारिक रूप से तलाक हुआ था। पुलिस इसी पहलू को हत्या की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।