गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
अमेठी के जामो थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक अधेड़ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में दुकान के पास मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान पर्वतपुर मजरे सम्भई निवासी 50 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, उसे सोमवार रात शराब के नशे में देखा गया था और वह साइकिल से घर लौट रहा था।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, रास्ते में खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए तार से उसकी साइकिल टकरा गई, जिससे वह गिरकर तार के संपर्क में आ गया। आशंका है कि उस तार में सोलर पैनल से करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।