गुरप्रीत कालरा
लोकल न्यूज़ ऑफ़ इंडिया
Bareilly, 25 मार्च । बरेली जिले के थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में बुधवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी गौकश कामिल उर्फ नक्ता घायल हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एक उपनिरीक्षक पंकज कुमार भी मामूली रूप से घायल हुए हैं।
सहायक पुलिस अधीक्षक शिवम आशुतोष के अनुसार, सुबह गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी बंद पड़ी रबर फैक्टरी के पास जंगल क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल होकर गिर पड़ा। उसके पास से अवैध .315 बोर तमंचा, कारतूस और गौकशी से जुड़े उपकरण बरामद किए गए हैं।
घायल आरोपी और उपनिरीक्षक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर गौकशी और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 15 गंभीर मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।