लुधियाना. जन्माष्टमी उत्सव के दौरान लुधियाना में बच्चा उठाने की कोशिश को नाकाम करते हुए लोगों ने तीन युवकों को पकड़कर पीटा। हालांकि इनमें से दो तो पुलिस के पहुंचने से पहले ही भागने में कामयाब रहे, लेकिन औरतों के कपड़े पहने एक युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने उस घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। इसी तरह एक अन्य घटना में ईंट-पत्थर से हमले के चलते भी कई लोगों को चोटें आई हैं।
पहली घटना शहीद भगत सिंह नगर की है। यहां मंदिर में जन्माष्टमी उत्सव चल रहा था। लोगों का आना-जाना लगा हुआ था कि इसी दौरान एक महिला समेत तीन व्यक्ति आए। महिला ने अंधेरे में एक बच्चे को पकड़
लिया, जिसके बाद बच्चा जोर-जोर से चिल्लाने लगा। लोगों ने पीछा किया और मौके पर तैनात पुलिस कर्मी भी भागे। इस दौरान दो व्यक्ति तो भागने में कामयाब रहे, जबकि महिला को लोगों ने पकड़ लिया। जब पता चला कि वह महिला नहीं, बल्कि पुरुष है तो उसे जमकर पीटा गया। आरोपी को घायल हालत में पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उससे पूछताछ का जारी है।
उधर, एक अन्य घटना ग्यासपुरा के अम्बेडकर नगर से सामने आई है। यहां शिव शक्ति मंदिर में जन्माष्टमी के कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ। कुछ मोटरसाइकल सवार युवक आए और उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं के बीच अपनी बाइक घुमाने शुरू किए। इसका महिलाओं ने विरोध किया तो भीड़ ने युवकों को पकड़कर उनकी पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद वह बाइक छोड़कर भाग गए। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची।
मामला शांत हो गया था और युवक फिर अपने अन्य साथियों को लेकर मौके पर आए। फिर वहां जमकर हंगामा हुआ। जमकर ईंट पत्थर चले, जिसकी वजह से कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। इस दौरान कुछ लोगों को चोटें भी आई हैं।
Copyright @ 2019 All Right Reserved | Powred by eMag Technologies Pvt. Ltd.
Comments