मध्य प्रदेश के इंदौर में निगम के बजट सत्र के दौरान पार्षदों के बीच राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को लेकर कन्फ्यूजन की स्थिति बन गई। बुधवार को सत्र की शुरुआत में पार्षद वंदे मातरम् की जगह जन गण मन गाने लगे, लेकिन हस्तक्षेप के बाद इसे बीच में रोककर फिर वंदे मातरम् पर आ गए और इसे पूरा किया। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें महापौर और भाजपा विधायक मालिनी गौड़, निगम कमिश्नर आशीष सिंह, चेयरमैन अजय सिंह नरुका और सभी पार्षद नजर आ रहे हैं।
राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाते हुए विपक्षी पार्षदों ने निगम कमिश्नर आशीष सिंह से कार्रवाई की मांग
की। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए, इसे माफ नहीं किया जा सकता। सूत्रों के मुताबिक, जान-बूझकर राष्ट्रगान के गायन में बाधा डालने या इसे बीच में रोकने पर तीन साल की सजा का प्रावधान है।
चेयरमैन अजय सिंह नरुका ने कहा, ''पार्षदों की जुबान फिसलने से यह गलती हुई है। मुझे नहीं लगता कि इसके पीछे कोई दुर्भावना हो। इसलिए मामले को ज्यादा न बढ़ाया जाए। निगम की परंपरा के हिसाब से बजट सत्र की शुरुआत वंदेमातरम के गायन से होती है और जन गण मन के साथ खत्म होता है।''
Copyright @ 2019 All Right Reserved | Powred by eMag Technologies Pvt. Ltd.
Comments