सीतापुर जिले में महोली कोतवाली क्षेत्र के दौली गांव में मंगलवार रात घर के बाहर सोते हुए बालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आधी रात हुई घटना के बाद आरोपित मौके से भाग निकले। किसी तरह परिवार के लोगों ने महोली पुलिस को खबर दी। कोतवाली पुलिस के पहुंचने से पहले ही दो गोली मारे जाने से घायल दिव्यांग बालक ने दम तोड़ दिया। परिवार के लोगों ने नजदीकी रिश्तेदारों को नामजद करते हुए मुकदमा कायम कराया है। एसपी ने गांव जाकर घटना का हाल जाना है।
बताते हैं कि दौली गांव में दिव्यांग हर्षित 14 पुत्र बबलू गुप्ता अपने घर के बाहर सो रहा था। पिता बबलू की मानें तो चारपाई पर बरामदे में वह भी लेटा हुआ था। रात करीब बारह बजे विपक्षी कुलदीप व अन्य लोग आ गए। आहट सुनकर हर्षित जग गया। इसी बीच गाली गलौज शुरू हो गई। बालक ने विरोध करना चाहा, तभी हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दो गोली 14 वर्षीय दिव्यांग बालक को लग गई और वह तड़पने लगा।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग जग गए और आरोपित मौके से भाग निकले। फोन से सूचना मिलते ही महोली पुलिस और सीओ सदर एमपी सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस के आने से पहले ही हर्षित पुत्र बबलू गुप्ता दम तोड़ चुका था। एसपी एलआर कुमार मौके पर पहंुचे। पूछताछ के बीच पीड़ित पक्ष ने हमलावरों को अपना करीबी रिश्तेदार बताया। ये भी बताया कि कई माह से दोनों पक्षों के बीच अनबन चली आ रही थी। कई और बातें भी बिन्दुवार पीड़ित पक्ष की ओर से विपक्षियों को लेकर बताई गईं हैं। एसपी एलआर कुमार का कहना है कि कुलदीप आदि के विरूद्ध हत्या का अभियोग पंजीकृत हुआ है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Copyright @ 2019 All Right Reserved | Powred by eMag Technologies Pvt. Ltd.
Comments